नवादा(का. स.) नवादा जिले के सिरदला प्रखंड में पदस्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी संजय कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मंगलवार 24 मई की देर शाम नालंदा जिले के वीसी पावापुरी सहायक थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव के पास ई रिक्शा पलटने से उनकी मौत हुई। वे ई रिक्शा पर सवार होकर अपने पैतृक गांव घोषरामा जा रहे थे।
पावापुरी मोड़ से सामान खरीद कर वापस गांव लौटने के दौरान हादसा हुआ। दुर्घटना में घायल पंकज कुमार ने बताया कि ई रिक्शा पर क्षमता से अधिक नौ यात्री सवार थे। दुर्गापुर गांव के पास मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया और ई रिक्शा पलट गई और नहर में गिर गई।
हादसे के बाद वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी पाकर पुलिस भी पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को लोगों को विम्स पावापुरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी संजय को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही घर परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है। इधर, नवादा में उनके सहयोगी कर्मियों व पदाधिकारियों में शोक व्याप्त है। बताया गया कि मृतक संजय कुमार सबसे आगे दाहिने सीट पर बैठे थे। वे नवादा जिले में अकबरपुर के अंचलाधिकारी के पद पर भी कार्यरत रहे थे।
सिरदला प्रखंड के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी संजय कुमार की दुर्घटना में मौत, अकबरपुर में रहे थे सीओ।
Please follow and like us: